जिले मे पहुंचे एससीएसटी आयोग के उपाध्यक्ष व्यास गोड लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर का प्रकरण उन्होंने अखबारों व टीवी में देखा और उसको संज्ञान में लेकर वह मामले की जांच के लिए जिले में जा रहे हैं और कहा कि इस मामले में कोई भी कितना बड़ा आदमी क्यों न हो जांच में अगर दोषी पाया गया तो कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि आयोग दबे कुचलों की मदद के लिए काम कर रहा है और आयोग के पास पहले 540 मामले थे जिनमें निराकरण कराते हुए अब करीब 140 मामले रह गए हैं। पिछली सरकारों में बहुत मामले फर्जी दर्ज किए गए लेकिन अखिलेश राज में ऐसा नहीं हुआ है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “अच्छे दिनों की सरकार को एक साल हो गए हैं परंतु कोई भी चुनावी घोषणा पत्र पूरा नहीं किया जा सका है। 56 इंच के सीने वाले दूसरे देशों में रिश्तेदारी करने जा रहे हैं और उसी दिन सीमाओं पर कोई न कोई भाई शहीद हो रहा, फिर क्या मायने रखता है 56 इंच का सीना।”
गोड़ ने कहा कि न काला धन वापस आया न अच्छे दिन, हां कुछ लोगों के ही अच्छे दिन आए हैं। केंद्र सरकार ने गणेश की मूर्तियों को दूध जरूर पिलाया है। आरोप लगाया कि किसानों के लिए कई चिट्ठियां लिखी गईं लेकिन केंद्र से अभी तक कोई पैसा किसानों के लिए नहीं दिया जबकि प्रदेश की अखिलेश सरकार संसाधनों की बदौलत किसानों के कल्याण के लिए हरसंभव मदद कर रही है।
उन्होंने बसपा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा, “हाथी की सरकार में पार्क जरूर बनाए गए। अखिलेश ने जब गद्दी संभाली तब खजाना खाली था। उन्होंने कहा कि अगले साल तक सभी जिलों को चौबीस घंटे बिजली की व्यवस्था हो जाएगी। इस दौरान आयोग के सदस्य प्रदीप कुमार वर्मा पीके भी मौजूद रहे।”
dharmpath.com dharmpath