इपोह (मलेशिया), 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम ने अजलान शाह कप में अपने पहले मैच में बुधवार को जापान को 2-1 से मात दी। भारत ने मैच जीता जरूर लेकिन उसके प्रदर्शन में सुधार की काफी जरूरत महसूस की गई।
केंजि किटाजाटो ने 17वें मिनट में जापान के लिए पहला गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। भारत के हरमनप्रीत सिंह ने 25वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल टीम को 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में भारत ने अच्छा खेल दिखाया और कप्तान सरदार सिंह ने 32वें मिनट में गोल कर टीम को जीत दिलाई।
लंबे समय बाद हॉकी खेल रही भारतीय टीम को इस जीत से फायदा होगा। उसे टूर्नामेंट में गुरुवार को आस्ट्रेलिया जैसी ताकतवर टीम के खिलाफ खेलना है।
टीम के कोच रोएलांट ओल्टमांस ने बयान में कहा, “जब खिलाड़ी काफी समय से मैच नहीं खेलते हैं तो मैच में पैनापन नजर नहीं आता है। पहले हाफ में हमारे साथ यही हुआ।”
उन्होंने कहा, “लेकिन, हमने बाद में इसे बदला और जीत हासिल की।”
भारत ने मैच में अच्छी शुरुआत की और अधिकतर गेंद अपने पास रखी। पहला क्वार्टर गोलरहित रहा।
दूसरे क्वार्टर के दूसरे मिनट में जापान को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे किटाजाटो ने गोल में बदल कर टीम को बढ़त दिला दी।
इसके बाद भारत ने वापसी की और 25वें मिनट में हरमनप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मध्यांतर में टीमें इसी स्कोर के साथ गईं।
दूसरे हाफ में भारत ने अपनी रणनीति में बदलाव किया। कप्तान सरदार ने मोर्चा संभाला और 32वें मिनट में दूसरा गोल दागा। इसके बाद भारत ने जापान को वापसी नहीं करने दी।
58वें मिनट में भारत को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले जिसे हरमनप्रीत गोल में नहीं बदल सके।
dharmpath.com dharmpath