अतिरिक्त रेल मार्गो के निर्माण को मंजूरी

नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने बुधवार को रेल यात्री और माल ढुलाई में हुई वृद्धि को देखते हुए अतिरिक्त अवसंरचना निर्माण के लिए मंजूरी दे दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की हुई बैठक में छह रेल मार्गों और एक रेलवे पुल को मंजूरी दी गई।

सीसीईए के मुताबिक, इन परियोजनाओं पर 10,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।

सीसीईए की बैठक के बाद रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने संवाददाताओं से कहा, “प्रस्तावित परियोजनाओं पर 10,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होगा और खर्च के अधिकांश हिस्से को बजट से बाहर के स्रोतों (सांस्थानिक वित्तीयन) से पूरा किया जाएगा।”

इन परियोजनाओं में शामिल हैं : हुबली-चिकाजुर लाइन (190 किलोमीटर), रामना-सिंगरौली खंड (160 किलोमीटर) और कटनी-सिंगरौली रेल लाइन (132 किलोमीटर) का दोहरीकरण।

अन्य मंजूर परियोजनाओं में हैं : अनुपुर और कटनी (165 किलोमीटर) तथा वर्धा (सेवाग्राम) और बल्लारशाह (132 किलोमीटर) के बीच तीसरी लाइन का निर्माण।

इसके अलावा प्रस्तावित परियोजनाओं में रामपुर डुमरा-ताल-राजेंद्रपुल खंड पर एक अतिरिक्त पुल निर्माण और मार्ग का दोहरीकरण भी शामिल है।

प्रस्तावित परियोजनाएं 13वीं पंचवर्षीय योजना अवधि में ही चार-पांच वर्षो में पूरी होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493