नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दो दिन पूर्व पटियाला हाउस अदालत में हुई हिंसा के लिए गुरुवार को केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
आम आदमी पार्टी (आप) नेता केजरीवाल ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात के बाद मीडिया से कहा कि दिल्ली पुलिस अदालत में हिंसा के दौरान मूक दर्शक नहीं बनी रहती, अगर उन्हें ऐसा करने का निर्देश नहीं मिला होता।
केजरीवाल ने कहा कि इसका मतलब यह है कि सोमवार और बुधवार को अदालत में जो कुछ भी हुआ उसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है, दिल्ली पुलिस जिसके अधीन है।
केजरीवाल ने कहा कि मंगलवार को अदालत में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रों और पत्रकारों पर कुछ वकीलों द्वारा हमला सर्वोच्च न्यायालय के लिए एक “चुनौती” है।
dharmpath.com dharmpath