नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) मंगलवार को नई दिल्ली में अपने दूसरे स्थापना दिवस के अवसर पर ‘ज्यादा वर्षा वाले क्षेत्रों में मृदा एवं ढलान के स्थिरीकरण और सड़क निर्माण के लिए उपयुक्त प्रौद्योगिकियों’ पर एक सम्मेलन आयोजित करेगा।
इस सम्मेलन का उद्देश्य, अन्य बातों के अलावा, ज्यादा वर्षा वाले क्षेत्रों में सड़क फुटपाथ के जीवन काल से जुड़े लाभों को बढ़ाने के लिए मिट्टी एवं ढलान के स्थिरीकरण के साथ-साथ अन्य प्रौद्योगिकियों के भी इस्तेमाल की वकालत करना है।
यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, सम्मेलन के दौरान तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनकी अध्यक्षता इस क्षेत्र के विशेषज्ञ करेंगे। इन सत्रों में होने वाले विचार-विमर्श के दौरान नई प्रौद्योगिकियों की शुरुआत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जो बुनियादी ढांचागत सुविधाओं के निर्माण के दौरान कार्बन फुटप्रिंट (कार्बन डाईऑक्साइड के उत्सर्जन) को भी कम करेगी।
बयान के अनुसार, सम्मेलन का उद्घाटन सड़क परिवहन और राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी करेंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एनएचआईडीसीएल) भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है, जिसका गठन 18 जुलाई, 2014 को हुआ था।
dharmpath.com dharmpath