अनबन की अटकलों के बीच शिवपाल मुलायम से मिले

नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी समाजवादी पार्टी में अनबन की अटकलों के बीच पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने बुधवार को यहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की।

बड़े भाई के बुलाए जाने के बाद शिवपाल यहां 16, अशोक रोड स्थित मुलायम सिंह यादव के आवास पर उनसे मिलने अपने बेटे आदित्य यादव के साथ पहुंचे। उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की।

यह मुलाकात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की जगह उनके चाचा शिवपाल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद हुई है।

बदले में अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल यादव से राज्य मंत्रिमंडल के सभी महत्वपूर्ण विभाग छीन लिए।

अखिलेश यादव ने दो मंत्रियों- गायत्री प्रजापति (खनन) और राजकिशोर सिंह (पंचायती राज) को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया, जिसके बाद ये सभी राजनीतिक घटनाक्रम हुए। दोनों बर्खास्त मंत्री मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव के करीबी माने जाते हैं।

प्रजापति ने भी बुधवार को नई दिल्ली में मुलायम सिंह यादव से करीब एक घंटे तक मुलाकात की।

पहले, सैफई में अपने समर्थकों को शिवपाल सिंह यादव ने कहा था कि विभाग लेना या देना मुख्यमंत्री का अधिकार है।

जब उनसे समाजवादी पार्टी छोड़ने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव से मुलाकात के बाद वह एक फैसला करेंगे।

शिवपाल ने कहा, “नेता जी जो फैसला करेंगे वह हमें स्वीकार है। राज्य के लोग मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के साथ हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493