अन्नाद्रमुक एवं द्रमुक को दंड दें : जावड़ेकर

नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को तमिलनाडु की जनता से आग्रह किया कि वे ‘भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने पर’ ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) को सोमवार को होने वाले विधानसभा चुनाव में ‘दंड’ दें।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तमिलनाडु के चुनाव प्रभारी जावड़ेकर ने आरोप लगाया कि दोनों द्रविड़ पार्टियां नकद और मुफ्त उपहार देकर मतदाताओं का शोषण कर रही हैं।

उन्होंने यहां कहा, “द्रविड़ पार्टियों ने मुफ्त उपहार देकर मतदाताओं का शोषण किया है। लोग यह नहीं चाहते हैं। लोग आत्मसम्मान और मर्यादा की जिंदगी चाहते हैं।”

जावड़ेकर ने कहा, “यही वह समय है जब दोनों द्रविड़ दलों अन्नाद्रमुक और द्रमुक को उनके भ्रष्टाचार, मतदाताओं को हल्के में लेने और मुफ्त उपहार देकर उन्हें अपमानित करने को लेकर दंडित किया जाए।”

केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठाने को लेकर राज्य की अन्नाद्रमुक सरकार की आलोचना की।

जावड़ेकर ने कहा, “सैकड़ों गांवों में अभी बिजली नहीं पहुंची है। चाहे केंद्र सरकार की उदय या उजाला योजना हो, खाद्य मुआवजा हो, एम्स के लिए अधिसूचना हो..सभी पर तमिलनाडु ने चुप्पी साध रखी है।”

उन्होंने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने की वजह से बार-बार गिरफ्तार किए जाने वाले तमिलनाडु के मछुआरों का मुद्दा उठाने के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493