मदुरै, 2 अगस्त (आईएएनएस)। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ अखिल भारतीय अन्ना द्रमुक मुनेत्र कड़गम(अन्नाद्रमुक) के विधायक ए.के.बोस का यहां हृदय गति रुकने से निधन हो गया। पार्टी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
तीन बार के विधायक बोस (69) पिछले कुछ वर्षो से अस्वस्थ थे। वह थिरुपारनकुंद्रम विधानसभा क्षेत्र से चुने गए थे।
बोस को बुधवार शाम को मदुरै के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और गुरुवार तड़के उनका निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्री हैं।
बोस के निधन के बाद थिरुपारनकुंद्रम विधानसभा क्षेत्र में दो वर्षो में दूसरी बार उपचुनाव होगा।
2016 के चुनावों में, एस.एम. सीनिवेलु ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी, लेकिन विधायक के तौर पर शपथ लेने से पहले ही उनका निधन हो गया था। बोस ने तब वहां उपचुनाव जीता था।
मुख्यमंत्री के पलनीस्वामी और उपमुख्यमंत्री ओ. पनीरसेल्वम ने बोस के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
बोस के निधन के बाद, 234 सदस्यों वाले विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष को जोड़कर अन्नाद्रमुक के अब 116 सदस्य बचे हैं। विधानसभा में द्रमुक के 89 सदस्य हैं।
dharmpath.com dharmpath