नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के दबंगो ने स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग सीजन-4 के दिल्ली चरण में अपनी घरेलू टीम दबंग दिल्ली के समर्थन में जोरदार जोश दिखाया और रविवार को बड़ी संख्या में त्यागराज स्टेडियम पहुंचे।
लीग में हालांकि दिल्ली की हालत खराब है। उसे प्लेआफ में पहुंचने के लिए अपने चारों मैच जीतने हैं और यह काम काफी मुश्किल नजर आ रहा है क्योंकि इस चरण में उसका सामना बंगाल वॉरियर्स, मौजूदा चैम्पियन पटना पाइरेट्स, यू मुम्बा और पुनेरी पल्टन से होना है।
दिल्ली ने पटना को उसके घर में हराया था और यही जीत उसका आत्मबल बढ़ाए हुए है। इसी के दम पर दिल्ली की टीम अपने चारों मैच जीतने का दावा कर रही है। दिल्ली टीम का कहना है कि अगर घरेलू समर्थकों का समर्थन मिला तो वह यह मुश्किल काम कर दिखाएगी।
दिल्ली ने अब तक 10 मैच खेले हैं और 21 अंक जुटाए हैं। उसे तीन मैचों में जीत मिली है और छह मैचों में हार। एक मैच टाई रहा है।
अपनी टीम के समर्थन में दिल्ली के समर्थन बड़ी संख्या में पहुंचे और जोरदार उत्साह दिखाया। पांच हजार की क्षमता वाले त्यागराज स्टेडियम में लगभग 3000 लोगों की भीड़ देखी गई, जो लीग के इस सीजन में किसी परिसर में यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
दिल्ली के दिग्गज खिलाड़ी काशीलिंग अदाके ने शनिवार को कहा था कि वह अपने घरेलू समर्थकों से सिर्फ इतना कहना चाहेंगे कि वे बडी़ संख्या में आएं और अपनी टीम का समर्थन करें।
dharmpath.com dharmpath