अपने संगीत में मीरा संग खूब ठुमके शाहिद

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर मंगलवार को अपनी मंगेतर मीरा राजपूत संग परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। सोमवार रात उनके संगीत कार्यक्रम की एक फोटो सोशल मीडिया में छाई रही। इसमें शाहिद, मीरा संग ठुमकते नजर आए।

संगीत कार्यक्रम छतरपुर में एक फार्महाउस में रखा गया था, जिसमें यह जोड़ा एक-दूसरे संग ठुमकता दिखा।

शाहिद के दोस्त और सेलिब्रिटी फोटोग्राफर रोहण श्रेष्ठ ने संगीत कार्यक्रम की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की और इसकी बगल में लिखा, “मार डाला एस.के.।”

इसमें शाहिद सुर्ख लाल कुर्ते, बंदगला और पायजामे में, जबकि मीरा हल्के पीले लहंगे में नजर आईं।

कुछ अन्य फोटो में भी मीरा शादी पूर्व की कुछ रस्मों-कार्यक्रमों में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं।

शाहिद से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, वैवाहिक कार्यक्रम को सादा और नामचीन हस्तियों से अछूता रखने की योजना है।

सूत्र ने आईएएनएस को बताया था, “शादी में सिर्फ दंपति के परिवार और करीबी दोस्त शामिल होंगे। 12 जुलाई को मुंबई में होने वाले रिसेप्शन में बॉलीवुड हस्तियां शिरकत करेंगी।”

सोमवार को शाहिद के पिता पंकज कपूर और शाहिद की सौतेली मां सुप्रिया पाठक के कुछ फोटो इंटरनेट पर देखे गए। इनमें पंकज जींस और सुप्रिया सादे सलवार कमीज में हाथ में गजरा लिए गुड़गांव के होटल ट्राइडेंट में प्रवेश करती दिखीं।

सूत्र ने आईएएनएस को बताया था, “परिवार तथा मेहमानों के लिए गुड़गांव के ट्राइडेंट होटल में 50 कमरे बुक कराए गए हैं और शाहिद के लिए द ओबरॉय होटल का प्रेसीडेंशियल सुइट बुक है।”

द ओबरॉय की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, प्रेसीडेंशियल सुइट दो लग्जरी बेडरूम वाला निवास स्थल है, जो 5,300 वर्ग फुट में फैला हुआ है। जिसमें इतालवी मार्बल वाली चिमनी, डाइनिंग रूम, अध्ययन कक्ष, पैंट्री, जिम-कम-योग कक्ष और बाहर एक स्वीमिंग पूल शामिल हैं। सूत्र के अनुसार, इसका एक रात का किराया 6,00,000 रुपये से अधिक है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493