अपराधिक मामलों में लिप्त भाजपा सांसदों, मंत्रियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं : आप

नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उन सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिनके खिलाफ अपराधिक मामले लंबित हैं, जबकि सभी आधिकारिक एजेंसियों को आप नेताओं के पीछे लगा दिया गया है।

आप प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा, “75 केंद्रीय मंत्रियों में से 24 के खिलाफ अपराधिक मामले चल रहे हैं। उनमें से 14 के खिलाफ गंभीर अपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि पुलिस और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने में कोई तत्परता नहीं दिखाई।”

उन्होंने कहा, “इसके अलावा भाजपा के 282 लोकसभा सांसदों में से 98 के खिलाफ अपराधिक मामले दर्ज हैं। आम आदमी पार्टी के नेताओं और विधायकों के मामले के विपरीत, उनके खिलाफ किसी भी एजेंसी को कार्रवाई करने के लिए नहीं कहा गया है। ये सभी एजेंसियां आप नेताओं और विधायकों के पीछे लगा दी गई हैं।”

चड्ढा ने कहा कि एम.एम. खान हत्या मामले में आप द्वारा नई दिल्ली नगरपालिका उपाध्यक्ष करण सिंह तंवर की संलिप्तता उजागर करने के बावजूद दिल्ली पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम रही है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं को बताया, “इसी प्रकार, भाजपा विधायक ओ.पी. शर्मा को पटियाला हाउस अदालत परिसर में एक व्यक्ति की सार्वजनिक रूप से पिटाई करने के लिए गिरफ्तार नहीं किया गया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी भाजपा नेताओं के बयान दर्ज करने के लिए भी उन्हें समन नहीं किया। लेकिन वह (दिल्ली पुलिस) आप नेताओं के खिलाफ शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करती है।”

आप के एक अन्य वरिष्ठ नेता आशुतोष ने पार्टी विधायक करतार सिंह के घर पर आयकर विभाग छापे के बारे में कहा, “सरकार ने (शराब व्यापारी) विजय माल्या को देश से भागने दिया। लेकिन वे हमारे विधायक के घर पर ऐसे छापा मार रहे हैं जैसे कि वह धन शोधन के किसी मामले में संलिप्त हों।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आप से डरते हैं।

आशुतोष ने कहा, “मोदी जी आप से डरते हैं। वे हमें राजनीतिक तौर पर नहीं हरा सकते। इसलिए वह हमें चुप कराने के लिए पुलिस और ऐसी ही अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमने अपने परिजनों को भी बता दिया है कि किसी दिन हमें भी गिरफ्तार किया जा सकता है।”

इसी बीच, आप विधायक भावना गौड़ ने दावा किया कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री राजनाथ सिंह महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं।

गौड़ ने संवाददाताओं को बताया, “हमने राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी और उनसे कहा था कि वे आप नेताओं के साथ कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा राजनीतिक मसला नहीं है। हालांकि ऐसा दिखाई दे रहा है कि वह इस मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने हमसे कहा कि अगर हमें सरकार से कोई समस्या है, तो हमें यह लिखित में देना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493