काबुल, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पाकिस्तान का नाम लिए बगैर अफगानिस्तान में सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद समाप्त करने का आह्वान किया।
मोदी ने पाकिस्तान का उल्लेख किए बिना यहां अफगान संसद में कहा, “सीमा पार से आतंकवाद को प्रश्रय नहीं मिलने के बाद ही अफगानिस्तान सफल होगा।”
उन्होंने कहा, “आतंकवाद और हिंसा अफगानिस्तान के भविष्य का निर्माण नहीं कर सकते।”
मोदी ने कहा कि कुछ ऐसे लोग हैं जो भारत और अफगानिस्तान के मैत्रीपूर्ण संबंधों से खुश नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “कुछ ऐसे तत्व हैं, जो भारत और अफगानिस्तान की मित्रता से खुश नहीं हैं। वे हमें साथ नहीं देखना चाहते और इसलिए हमें हतोत्साहित करते हैं। लेकिन हम यहां हैं और ऐसा इसलिए है, क्योंकि आप हम पर भरोसा करते हैं।”
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में भारत की व्यापक राजनयिक उपस्थिति पर बार-बार असहजता जताई है।
मोदी ने आतंकवादियों के हमले में मारे गए अफगान सैनिकों के बच्चों के लिए 500 छात्रवृत्तियों की घोषणा भी की।
dharmpath.com dharmpath