अफगानिस्तान में खान अबद जिले पर तालिबान का कब्जा (लीड-1)

काबुल, 20 अगस्त (आईएएनएस)। तालिबान आतंकियों ने शनिवार को अफगानिस्तान में कुंदुज प्रांत के खान अबद जिले पर कब्जा कर लिया, जबकि जिला केंद्र के आसपास छिटपुट संघर्ष जारी है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, एक रक्षा सूत्र ने कहा, “दर्जनों हथियारबंद आतंकियों ने शनिवार की सुबह जिले के बाजार को रौंद दिया। उन्होंने जिला केंद्र पर धावा बोला और शाम होने के कारण एक रणनीति के तहत सुरक्षा बलों के पीछे हटने के बाद सरकारी कार्यालय भवनों पर कब्जा कर लिया।”

यह जिला कुंदुज प्रांत की राजधानी से करीब 25 किलोमीटर दूर पूरब में स्थित है। कुंदुज और पड़ोसी तखर को जोड़ने वाला मुख्य राजमार्ग इसी जिले से होकर गुजरता है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, “जवाबी हमले की तैयारी के लिए प्रांतीय सुरक्षा अधिकारी बैठक कर रहे हैं। सुरक्षा बल आतंकियों को शीघ्र खान अबद जिले से बाहर भगा देंगे।”

तालिबान के एक कथित प्रवक्ता ने कहा, “शनिवार को हुए संघर्ष में सुरक्षा चौकियों पर कब्जा करने के बाद आतंकियों ने हथियार और वाहन भी जब्त कर लिए।”

उन्होंने कहा कि आतंकियों ने पड़ोस के अली अबद जिले में भी कई सुरक्षा चौकियों को रौंद दिया।

कभी सापेक्षिक रूप से शांत इस क्षेत्र में सरकारी बलों को चुनौती देने की तालिबान की कोशिश के कारण विगत दो महीने में कुंदुज और पड़ोसी बघलान व तखर प्रांतों में बड़ी झड़पें हुई हैं।

कुंदुज शहर गत गुरुवार से ही भयानक विद्युत कटौती का सामना कर रहा है, क्योंकि संघर्ष के दौरान उनेक विद्युत टावर नष्ट हो गए थे।

इस माह के शुरू में एक समन्वित आक्रमण के बाद आतंकियों ने बघलान प्रांत के दहना-ए-गोरी जिले पर भी कब्जा कर लिया था। काबुल में शनिवार की सुबह सड़क के किनारे एक बम विस्फोट की चपेट में एक सैन्य वाहन के आने से सेना के एक जवान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य अधिकारी घायल हो गया।

आतंकी संगठन द्वारा देश के विभिन्न स्थानों पर वार्षिक हमले शुरू करने के बाद गत अप्रैल महीने के शुरू से अफगानिस्तान में तालिबान के नेतृत्व में आतंकी हमले बड़े पैमाने पर हो रहे हैं। इन हमलों में आतंकियों, सुरक्षा कर्मियों और आम नागरिकों समेत सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493