काबुल, 10 जनवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के सुरक्षाबलों ने रविवार को ताजिकिस्तान की सीमा से लगते दरकद जिले को पुन: अपने नियंत्रण में ले लिया।
प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता सनतुल्लाह टिमोर ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया, “तालिबान के साथ कई दिनों तक चले संघर्ष के बाद कानून व्यवस्था कायम हो गई है।”
टिमोर ने कहा, “संयुक्त सुरक्षाबल क्षेत्र में सड़क किनारे बिछाई गई बारूदी सुरंग एवं बम को ढूंढने व निष्क्रिय करने का काम कर रहे हैं।”
सूत्र ने कहा कि शुक्रवार रात शुरू हुए सफाया अभियान के दौरान 25 आतंकवादी मार गिराए गए और अन्य 20 घायल हो गए।
प्रवक्ता ने कहा, “40 संदिग्ध तालिबान आतंकवादी पकड़े गए हैं। जब तक क्षेत्र से आतंकवादियों का सफाया नहीं हो जाता, छापामारी जारी रहेगी।”
उन्होंने कहा कि मारे गए आतंकवादियों में तालिबान का स्थानीय सरगना कमाल हैदरी शामिल है।
आतंकवादी सफाया अभियान के दौरान चार सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए। इसमें किसी नागरिक के मारे जाने की खबर नहीं है।
तालिबान की ओर से फिलहाल इस कार्रवाई पर कोई बयान नहीं आया है।
dharmpath.com dharmpath