नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। जेपी हॉस्पिटल के प्लास्टिक, एस्थेटिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी विभाग के चिकित्सकों की टीम ने अफगानिस्तान निवासी 22 वर्षीय युवक के दाएं हाथ में अंगूठे का सफल प्रत्यारोपण किया है।
अफगानिस्तान के युवक के दाएं हाथ में केवल तर्जनी ही शेष थी। इस कारण मरीज अपने दाएं हाथ से पूरी तरह किसी तरह का कार्य करने में सक्षम नहीं था। इस जटिल सर्जरी में चिकित्सकों को करीब 7 घंटे का समय लगा। यह सफलता अस्पताल के प्लास्टिक, एस्थेटिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशीष राय, डॉ. सौरभ गुप्ता एवं उनकी टीम को मिली।
वरिष्ठ सर्जन डॉ. आशीष राय ने बताया कि बम ब्लास्ट में दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण इरफानुल्लाह ने अपने दाएं हाथ की चार उंगलियां खो दी थीं। इस तरह उसके हाथ में सिर्फ तर्जनी ही बची थी। अधिकांश लोगों की तरह वह भी अधिकांश कार्य दाएं हाथ से ही करता था लेकिन उंगलियों के खोने की वजह से वह दैनिक जीवन में जुड़ा कोई भी कार्य क्षमता से सम्पन्न नहीं कर पाता था।
डॉ. आशीष राय ने कहा कि प्रथम चरण में टीम ने निर्णय लिया कि मरीज के बाएं पैर की तर्जनी को अंगूठे के स्थान पर प्रत्यारोपित किया जाएगा। अगले चरण में अंगूठे की लंबाई को मापा गया और उसकी लंबाई के अनुसार मरीज के पैर की तर्जनी को काटा गया और अंगूठे के स्थान पर जोड़ा गया। इस प्रक्रिया में इस बात की बहुत अधिक सावधानी बरतनी पड़ती है कि पैर की उंगली हटाते समय हटाए जाने वाला टुकड़ा एवं शेष पैर से जुड़ी सभी अंग जैसे दोनों के जोड़, नसें, आर्टरीज बिल्कुल स्वस्थ रहे ताकि ट्रांसप्लांट के बाद दोनों उचित तरह से काम कर सकें।
डॉ. सौरभ गुप्ता ने कहा कि इस सर्जरी के बाद अब युवक अपने दाएं हाथ से किसी भी वस्तु को पकड़ सकता है और हाथ के द्वारा जरूरी कार्य भी निपटा सकता है। अगले चरण में युवक के इसी हाथ में एक और उंगली को प्रत्यारोपित किया जाएगा, जिससे कि तीन उंगलियों के सहारे इरफानुल्लाह एक सामान्य युवक की तरह जिंदगी जी सके।
dharmpath.com dharmpath