अबू धाबी के शहजादे का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत

नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। तीन दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे अबू धाबी के शहजादे और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के सशस्त्र बलों के उप सुप्रीम कमांडर जनरल शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का गुरुवार सुबह यहां राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर पर लिखा, “राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में शहजादे का औपचारिक स्वागत।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रोटोकॉल से इतर जाकर खुद शहजादे का स्वागत किया।

मोदी ने यहां पालम हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी बुधवार को शेख मोहम्मद से मुलाकात की।

शहजादे की भारत यात्रा के दौरान भारत और यूएई के बीच रक्षा उपकरण निर्माण और असैन्य परमाणु सहयोग सहित कई क्षेत्रों में करार होने की संभावना है।

इस दौरान यूएई में रह रहे 26 लाख प्रवासी भारतीयों के कल्याण पर भी चर्चा होने की संभावना है।

पिछले साल अगस्त में मोदी की यूएई यात्रा के दौरान भारत और यूएई के बीच समग्र रणनीतिक साझेदारी मजबूत हुई थी।

शहजादे के साथ कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और कई गणमान्य हस्तियां मौजूद हैं।

मोदी और शेख मोहम्मद के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता गरुवार शाम को होगी, जिसके बाद समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

अबू धाबी के शहजादे शुक्रवार को मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां वह मुंबई स्टॉक एक्सचेंज और नामचीन भारतीय उद्यमियों से मुलाकात करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493