नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस के यातायात विभाग में अधिकारी के रूप में ऑटो, टैक्सी चालकों को उनकी समस्याओं से निजात दिलाने वाले राज कुमार झा, दिल्ली पुलिस में अतिरिक्त आयुक्त विजिलेंस पद से सेवानिवृत्त होने के बाद अब मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए उनकी आवाज बुलंद करेंगे।
दिल्ली पुलिस के उच्चाधिकारी रह चुके झा को भारतीय मजदूर संघ की औद्योगिक इकाई भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्टर मजदूर महासंघ का चेयरमैन बनाया गया है।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी आर. के. झा ऑटो-टैक्सी चालकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं, क्योंकि उन्होंने ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी रहते हुए देश की राजधानी में लोगों को ट्रैफिक पुलिस की मनमानी से निजात दिलाई थी।
उन्होंने हॉल्टिंग रेट, सामान का प्रभार यानी लगेज चार्ज और नाइट चार्ज बढ़ाकर उनकी मदद की थी। झा ने परिवहन क्षेत्र से जुड़ी अन्य समस्याओं का भी निदान किया। बतौर पुलिस अधिकारी उनके खाते में और भी कई उपलिब्धयां हैं। उन्होंने 2009 में पुरानी दिल्ली के ईदगाह इलाके से बूचड़खाना हटाकर इसे गाजीपुर ले जाने में अहम भूमिका निभाई।
झा को बुधवार को भारतीय ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ का अध्यक्ष बनाया गया। पूर्व आईपीएस अधिकारी आर. के. झा मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के कछुबी गांव के रहने वाले हैं। वह 1987 से दिल्ली पुलिस में थे और पिछले ही साल वह सेवानिवृत्त हुए हैं।
इस बात की भी कयासबाजी चल रही है कि झा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath