कोच्चि, 18 मार्च (आईएएनएस)। एक फोरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक मलयालम अभिनेता-गायक कलाभवन मणि की मौत जान बूझकर या अनजाने में घातक कीटनाशक का सेवन करने से हुई है। 6 मार्च को उनका निधन हुआ था।
एक फोरेंसिक अधिकारी ने शुक्रवार को मीडिया को बताया, “फोरेंसिक परीक्षण में मणि के शरीर में क्लोरपाइरिफोस पाए जाने के संकेत मिले हैं।”
उन्होंने कहा, “यह आम तौर पर वे लोग लेते हैं जो आत्महत्या करना चाहते हैं।”
इस खुलासे के बाद मणि के भाई आर.एल.वी.रामकृष्णन ने अपनी इस बात को दोहराया कि मणि की मौत स्वाभाविक नहीं है और इसके पीछे साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि उनका शक उन लोगों पर है जो चार मार्च को मणि के बीमार पड़ने के पहले उनके साथ थे।
45 वर्षीय मणि ने मलयालम और अन्य भाषा की 200 फिल्मों में अभिनय किया। 4 मार्च को यहां गंभीर हालात में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो दिन बाद उनका निधन हो गया और बताया गया कि वह लीवर की बीमारी से पीड़ित थे।
मौत के बाद, अस्पताल के अधिकारियों ने मणि के शरीर में रसायन की मौजूदगी की सूचना दी। इससे यह कयास लगाए गए कि मौत स्वाभाविक नहीं थी।
मणि ने कथित तौर पर त्रिशूर जिले में चलाकुदी के पास अपने घर में कुछ दोस्तों के साथ शराब पी थी, जिसके बाद वह बीमार पड़ गए।
मणि के भाई रामकृष्णन ने बताया कि उन्हें उन लोगों पर शक है, जिन्होंने परिवार और पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले सफाई से सबूतों को नष्ट करने की कोशिश की।
पुलिस ने अभिनेता के घर को सील कर दिया है।
अभिनेता की पत्नी निम्मी ने कहा कि मणि आत्महत्या नहीं सकते।
उन्होंने कहा, “मुझे मणि के भाई ने अगले दिन मणि के भर्ती होने की जानकारी दी। हम चाहते हैं कि सच्चाई सामने आए। उन्होंने अपने जीवन में कड़ी मेहनत की थी, वह कभी आत्महत्या नहीं कर सकते।”
निम्मी ने उन अफवाहों का भी खंडन किया, जिनमें कहा गया है कि उनके पारिवारिक जीवन में भी तनाव था।
पुलिस ने मणि के तीन करीबी सहयोगियों को हिरासत में ले लिया है, जो उनके बीमार पड़ने पर उनके साथ थे।
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि पुलिस मामले की जांच के लिए सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “रिपोर्ट बहुत जल्द आएगी। हम इसे आगे ले जाएंगे।”
dharmpath.com dharmpath