अभ्यास टेस्ट : भारत-ए (122/3) अभी भी 420 रन पीछे (लीड-1)

वायानाड, 19 अगस्त (आईएएनएस)। कृष्णागिरि स्टेडियम में जारी पहले चार दिवसीय अनधिकारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन बुधवार को भारत-ए क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका-ए की पहली पारी में बनाए गए 542 रनों के जवाब में तीन विकेट खोकर 122 रन बना लिए हैं।

भारत-ए टीम हालांकि अभी भी पहली पारी के आधार पर 420 रनों से पीछे है।

दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान अंबाती रायडू 11 रन बनाकर करुण नायर के साथ नाबाद लौटे। नायर अभी खाता भी नहीं खोल सके हैं।

बड़े लक्ष्य के बावजूद भारतीय टीम के शीर्ष बल्लेबाज बड़ी पारियां नहीं खेल सके। जीवनजोत सिंह ने 22, अभिनव मुकुंद ने 38 और श्रेयष अय्यर ने 49 रनों की पारी खेली।

जीवनजोत और मुकुंद, डेन पीड्ट का शिकार हुए, जबकि अय्यर को वेन पर्नेल ने पवेलियन की राह दिखाई। तीनों बल्लेबाज क्लीन बोल्ड हुए।

इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका-ए ने ओमफिले रामेला (112) और क्विंटन डी कॉक (113) की बदौलत पहली पारी में 542 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

रामेला ने जहां मैच के पहले दिन शतकीय पारी खेली, वहीं डी कॉक ने बुधवार को 102 गेंदों पर 13 चौके और तीन छक्के की मदद से तूफानी शतक लगाया।

पहले दिन अर्धशतक लगाकर नाबाद लौटे तेंबा बावूमा (66) पहले दिन के स्कोर चार विकेट पर 293 रनों से आगे खेलने उतरे, हालांकि वह अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं ले जा सके और 307 के कुल योग पर अभिमन्यु मिथुन का शिकार हुए।

डेन पीड्ट (16) बल्ले से ज्यादा योगदान तो नहीं दे सके हालांकि डी कॉक के साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए 78 रनों की अहम साझेदारी जरूर निभाई।

मैच का दूसरा दिन डी कॉक और कप्तान डेन विलास (75) के नाम रहा। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट की साझेदारी में करीब छह के औसत से 107 रनों की साझेदारी की।

विलास ने 74 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के लगाए। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने बुधवार को 50.5 ओवरों में 249 रन जोड़ डाले।

भारत के लिए अक्षर पटेल ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किया, जबकि जयंत यादव और श्रेयष अय्यर को दो-दो विकेट मिले।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493