अभ्यास मैच : डिविलियर्स का शतक, द. अफ्रीका के 8/259 रन (लीड-1)

मुम्बई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। अब्राहम डिविलियर्स (112) की शतकी पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने ब्रेबॉर्न स्टेडियम में बोर्ड अध्यक्ष एकादश के साथ जारी दो दिवसीय अभ्यास मैच के दूसरे दिन शनिवार को चायकाल तक अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 259 रन बना लिए हैं।

मेहमान टीम पहली पारी की तुलना में अभी भी 37 रन पीछे है। बोर्ड एकादश ने अपनी पहली पारी में 296 रन बनाए थे।

चायकाल तक वेरनान फिलेंडर सात रन बनाकर नाबाद लौटे। डिविलियर्स ने 131 गेंदों का सामना कर 18 चौके लगाए। उनका विकेट जयंत यादव ने लिया। मेहमान टीम ने अब तक 60.2 ओवरों का सामना किया है।

अपनी इस पारी के दौरान डिविलियर्स ने डेन विलास (52) के साथ सातवें विकेट के लिए 115 रनों की अहम साझेदारी कर अपनी टीम को मुश्किल से उबारने का काम किया।

विलास और डिविलियर्स ने ऐसे वक्त में इस साझेदारी को अंजाम दिया, जब दक्षिण अफ्रीका महज 111 रनों पर अपने छह विकेट गंवा चुका था। विलास ने 78 गेंदों पर सात चौके लगाए। विलास का विकेट 226 और डिविलियर्स का विकेट 259 रनों पर गिरा।

पहले दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक बोर्ड एकादश ने अपनी पहली पारी के स्कोर 296 रनों से जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में 46 रनों पर दो विकेट झटक लिए थे।

डीन एल्गर 18 रनों पर नाबाद लौटे थे। नए बल्लेबाज फाफ दू प्लेसिस (4), हाशिम अमला (1) सस्ते में शार्दुल का शिकार बने जबकि तेम्बा बायुमा (15) को हार्दिक पंड्या ने आउट किया। एल्गर 23 रन बनाकर नाथू सिंह की गेंद पर उन्मुक्त चंद के हाथों लपके गए।

बोर्ड एकादश की ओर से शार्दुल ठाकुर ने चार विकेट लिए हैं जबकि दो विकेट जयंत यादव को मिले हैं। एक सफलता नाथू सिंह ने हासिल की है।

बोर्ड एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 78.5 ओवरों का सामना कर अपनी पहली पारी में 296 रन बनाए थे। इसमें लोकेश राहुल (72) और नमन ओझा (52) के अर्धशतक शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493