अमदई घाटी में विस्फोट, जिला बल का जवान घायल

नारायणपुर, 18 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बुधवार सुबह अमदई घाटी शिविर में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, जिला बल एवं छसबल (छत्तीसगढ़ शस्त्र बल) की संयुक्त पुलिस पार्टी सड़क निर्माण सुरक्षा पर अमदई घाटी, राजपुर की ओर रवाना हुई थी। सुबह नौ बजे नक्सलियों द्वारा पुलिस पार्टी को जान सहित मारने की नीयत से बम विस्फोट किया गया।

पुलिस ने कहा कि बम विस्फोट से जिला बल का आरक्षक नरेंद्र सिंह चौधरी पिता वजीर सिंह चौधरी निवासी गुरिया पोस्ट बिंजली थाना नारायणपुर घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, जवान के चेहरे एवं शरीर में चोट आई है। घायल जवान का उपस्वाथ्य केंद्र छोटे डोंगर में प्राथमिक उपचार बाद एंबुलेस से जिला मुख्यालय लाया गया। गंभीर रूप से घायल जवान के दोनों आंखों में हुए जख्म को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर रवाना कर दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस पार्टी द्वारा क्षेत्र में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाने एवं नक्सलियों के आत्मसमर्पण के कारण माओवादी नक्सली संगठन कमजोर हुआ है।

शर्मा ने कहा कि नक्सली आमने-सामने की लड़ाई में सक्षम नही होने के कारण, बम विस्फोट कर पुलिस पार्टी को नुकसान पहुचाने की रणनीति अपना रहे हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र के विकास एवं आम नागरिकों को सड़क मार्ग की सुविधा के लिए सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जिससे विकास विरोधी नक्सलियों द्वारा बौखला कर घटना को अंजाम दिया गया है।

गौरतलब है कि दो माह पहले अमदई घाटी में नक्सलियों द्वारा हमला करने के बाद दो सुपर वाइजरों को मौत के घाट उतारने के बाद जायसवाल कंपनी ने घाटी में आयरन और खदान का कार्य बंद कर दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493