जम्मू/श्रीनगर, 6 जुलाई (आईएएनएस)। अमरनाथ यात्रा कश्मीर घाटी में पहलगाम से शुक्रवार को फिर शुरू हो गई, जबकि यह बालटाल से तीसरे दिन भी रुकी रही।
जम्मू एवं कश्मीर के एक अधिकारी ने कहा, “मौसम में सुधार के बाद तीर्थयात्रियों को पहलगाम आधार शिविर से आगे जाने (गुफा मंदिर की तरफ) की अनुमति दी गई। हालांकि, बालटाल (गांदरबल जिला, कश्मीर घाटी में) से किसी को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई।”
भूस्खलन को साफ करने का अभियान बालटाल मार्ग पर जारी है, जहां मंगलवार को भूस्खलन से चार तीर्थयात्रियों व एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई थी। इस दुर्घटना में 10 अन्य लोग घायल हो गए थे, जिसके बाद तीर्थयात्रा रोक दी गई थी।
राज्यपाल एन.एन.वोहरा ने बालटाल आधार शिविर जाकर हालात का जायजा लिया। वोहरा श्रीअमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अध्यक्ष हैं।
अब तक इस साल 28 जून से शुरू हुई तीर्थयात्रा में 68,000 श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath