अमरनाथ हमला : मृतकों के परिवार को 10-10 लाख की मदद (लीड-1)

सूरत, 11 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात सरकार ने जम्मू एवं कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा मारे गए सभी सात अमरनाथ तीर्थयात्रियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि का ऐलान किया है।

इससे पहले सभी शव मंगलवार को यहां पहुंचे। मुख्यमंत्री विजय रुपानी शवों के पहुंचने के अवसर पर मौजूद थे। इसके साथ ही 19 घायल तीर्थयात्री और अन्य 32 तीर्थयात्री भी सूरत पहुंचे हैं।

रुपानी ने सोमवार को हुए आतंकवादी हमले में प्रत्येक घायलों को दो-दो लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया है।

उन्होंने कहा, “मारे गए तीर्थयात्रियों के परिवार वालों को 10-10 लाख रुपये जबकि घायलों को दो-दो लाख रुपये की राहत राशि दी जाएगी।”

सोमवार रात को श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर अनंतनाग जिले के खानबल में हुए हमले में छह महिलाओं सहित कुल सात तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी जबकि 19 घायल हो गए।

मृतकों में से दो महिलाएं महाराष्ट्र जबकि बाकी लोग गुजरात के हैं। महाराष्ट्र की महिलाओं के शवों को बाद में उनके घर भेजा जाएगा। 19 घायलों में से आठ महाराष्ट्र के हैं।

40 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी जबकि यह सात अगस्त को पूरी होगी। अभी तक लगभग 1.40 लाख तीर्थयात्री बर्फानी बाबा के दर्शन कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493