अमरनाथ हमला : मृतकों में से 2 महाराष्ट्र, 5 गुजरात से

पलगढ़ (महाराष्ट्र), 11 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में सोमवार को आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले सात अमरनाथ तीर्थयात्रियों में से दो महिलाएं महाराष्ट्र से, जबकि बाकी गुजरात से हैं।

अधिकारियों का कहना है कि हमले में घायल 19 लोगों में से आठ महाराष्ट्र से हैं।

हमले में जान गंवाने वाली ऊषा मोहनलाल सोनकर (66) और निर्मला भरत ठाकुर (67) महाराष्ट्र से हैं। ये दोनों मुंबई से लगभग 100 किलोमीटर दूर तटीय उत्तर-कोंकण जिले के दहानु कस्बे से हैं।

अधिकारियों का कहना है कि इनके शव मंगलवार देर शाम तक भारतीय वायुसेना के विमान से वलसाड से दहानु आ सकते हैं।

घायलों में प्रकाश जे.विजान (60), रमेश जी.बडोला (45), तीता एम. (55) के पैर जख्मी हैं।

वहीं, उजालिता वी.डोगरा (50) के भी पैर और उनके पति विष्णु एन.डोगरा (55) के पेट में जख्म आए हैं।

तीन अन्य महिलाएं बाघीमुनि बसान सिंह (50), दक्षा पी. (59), छाया वासन कुमार (60) भी घायल हुई हैं।

वे उसी बस में थे, जिसमें 60 से अधिक श्रद्धालु सवार थे और जो अमरनाथ यात्रा के लिए दो जुलाई को गुजरात से रवाना हुई थी। यह 27 जुलाई को लौटने वाली थी।

बर्फानी बाबा के दर्शन करने के बाद तीर्थयात्री सोमवार शाम को जम्मू लौट रहे थे, जब श्रीनगर से करीब 50 किलोमीटर दूर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खानबल इलाके में आतंकवादियों ने बस पर हमला कर दिया।

दक्षिण गुजरात के वलसाड स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई बस यात्रियों की सूची के मुताबिक, कुछ युवाओं के छोड़कर बस में सवार अधिकांश तीर्थयात्रियों की उम्र 50 से 70 साल के बीच थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493