मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने बॉलीवुड के अपने सहकर्मी शत्रुघ्न सिन्हा की जीवनी ‘एनीथिंग बट खामोश : द शत्रुघ्न सिन्हा बायोग्राफ्री’ का शुक्रवार को विमोचन किया। सिन्हा की जीवनी स्तंभकार, लेखक और आलोचक भारती एस. प्रधान ने लिखी है।
सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा ने विमोचन की शाम जीवनी के कुछ अंश पढ़ कर सुनाए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता यशवंत सिन्हा और फिल्मकार सुभाष घई भी इस मौके पर मौजूद थे।
प्रधान ने कहा, “‘एनीथिंग बट खामोश’ से ओम बुक इंटरनेशनल, शत्रुघ्न सिन्हा और मैंने सही मायने में एक अच्छी किताब पढ़ने के स्तर को ऊंचा किया है।”
लेखक ने कहा कि 388 पृष्ठों की इस किताब में देश के मशहूर ‘बिहारी बाबू’ की उपलब्धियों और तकलीफों को पेश किया गया है और यह सात वर्षों के शोध, 37 साक्षात्कारों और 200 से भी अधिक टेप्ड वार्ताओं पर आधारित है।
dharmpath.com dharmpath