मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने दिग्गदज फिल्मकार सत्यजीत रे को उनकी 24वीं पुण्यतिथि पर याद किया।
अमिताभ ने यह भी कहा कि उनके लिए 20वीं सदी के महान फिल्मकारों में से एक के साथ काम करना सौभाग्य की बात रही।
बॉलीवुड के 73 वर्षीय अभिनेता ने सत्यजीत की 1977 में आई फिल्म ‘शतरंज के खिलाड़ी’ में अपनी आवाज दी थी।
अमिताभ ने शनिवार को ट्वीट किया, “सत्यजीत की पुण्यतिथि। उनकी फिल्म ‘शतरंज’ के खिलाड़ी में अपनी आवाज का योगदान देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था।”
सत्यजीत की पहली फिल्म ‘पाथेर पांचाली’ ने 11 अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार जीते थे। अपने करियर में उन्होंने कई बड़े पुरस्कार जीते, जिनमें 32 भारतीय राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, कई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार शामिल हैं। उन्हें 1992 में भारत रत्न पुरस्कार से भी नवाजा गया था।
सत्यजीत को 1992 में खराब स्वास्थ्य के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार होता नहीं दिखा और 71 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।
अमिताभ ने हाल ही में शूजीत सरकार की आगामी फिल्म ‘पिंक’ की शूटिंग पूरी की है।
dharmpath.com dharmpath