मुंबई, 12 जुलाई (आईएएनएस)। डिजिटल शो ‘गेट एक्सेस विद अनुज’ के जरिये मेजबान के तौर पर शुरुआत करने वाले अभिनेता अनुज सचदेवा का कहना है कि महानायक अमिताभ बच्चन एंकरिंग के बॉस हैं।
अनुज ने एक बयान में कहा, “बात जब दर्शकों को जोड़ने और मेजबानी करने की आती है तो अमिताभ बच्चन का कोई सानी नहीं है। मैं ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में उनके सामने हॉट सीट पर बैठ चुका हूं और मैंने देख है कि वह किस सहजता के साथ एपिसोड का संचालन करते हैं। वह वास्तव में एंकरिंग के बॉस हैं।”
उन्होंने कहा कि विदेशी चैट शो में उन्हें एलेन डिजेनर्स का शो बेहद पसंद है। एलेन की कॉमिक टाइमिंग शानदार है।
अनुज ‘सबकी लाडली बेबो’ और ‘स्वरागिनी’ जैसे टीवी शो में काम कर चुके हैं।
अनुज का कहना है कि वह हमेशा खुद को एक मेजबान के तौर पर पेश करने को लेकर संदेहास्पद रहे हैं, पर वह इससे परे जाना चाहते थे। वह इस बात से खुश हैं कि यह उनके पक्ष में काम कर गया। सोशल मीडिया पर मिलने वाली तारीफों से अभिनेता बेहद खुश हैं।
अभिनेता ने कहा कि वह एक शर्मीले शख्स हैं, जो बेहद कम बात करते हैं और जल्दी किसी से घुलते-मिलते नहीं हैं, लेकिन इस चैट शो से उन्हें अपने एक नए पक्ष को जानने का मौका मिला है कि वह किसी अतिथि को अपनी बातों में अच्छे से व्यस्त रखने में सक्षम हैं।
dharmpath.com dharmpath