काहिरा, 12 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री और उनके कतर के समकक्ष ने मंगलवार को आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन व कतर के विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए। टिलरसन ने कहा कि दोनों देश इस पर एक साल से काम कर रहे थे।
अमेरिकी कूटनीति के प्रमुख ने कहा कि इस कदम से 2014 में हुए रियाद शिखर सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ अपनाए गए समझौतों को ‘पुनर्जीवित’ करने की कोशिश की जाएगी।
अल थानी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह एक द्विपक्षीय समझौता है और इसका कतर और चार अरब देशों के बीच के संबंधों के मौजूदा संकट के साथ कुछ लेना-देना नहीं है।
टिलरसन पिछले एक महीने से भी अधिक समय से जारी राजनयिक संकट का हल निकालने के प्रयास के तहत मंगलवार को कतर पहुंचे।
पिछले माह सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और बहरीन ने कतर के साथ अपने राजनयिक संबंधों को तोड़ने की घोषणा की थी।
टिलरसन ने कहा कि वह इस संकट के पक्षों के बीच मध्यस्थता बनाने के कुवैत के प्रयासों का समर्थन करने के लिए यहां आए हैं।
dharmpath.com dharmpath