मुंबई, 9 जनवरी (आईएएनएस)। अमिताभ बच्चन और रणवीर सिंह को शुक्रवार को यहां स्क्रीन अवॉर्ड्स 2016 में संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया।
अमिताभ को यह अवॉर्ड ‘पीकू’ में उनके किरदार के लिए दिया गया, तो रणवीर को फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के लिए यह पुरस्कार मिला।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवॉर्ड दीपिका पादुकोण को ‘पीकू’ में उनके शानदार अभिनय के लिए मिला।
वरिष्ठ अभिनेता ऋषि कपूर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
शाहरुख खान को फिल्म ‘दिलवाले’ के लिए लोकप्रिय अभिनेता और दीपिका को ‘बाजीराव-मस्तानी’ के लिए लोकप्रिय अभिनेत्री का अवॉर्ड मिला।
अभिनेता इरफान खान ने जूरी च्वाइस सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड जीता, जबकि कल्कि कोच्लिन ने जूरी च्वाइस सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवॉर्ड अपने नाम किया।
इस भव्य कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन, सोनम कपूर, रणवीर सिंह, सोनाक्षी सिन्हा, सुभाष घई, शबाना आजमी और ऋषि कपूर जैसे कई कलाकार उपस्थित हुए।
dharmpath.com dharmpath