अमित शाह, चंद्रबाबू ने गठबंधन व राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा की

अमरावती, 25 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह तथा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने यहां गुरुवार को मुलाकात की।

तेलंगाना का तीन दिवसीय दौरा खत्म करने के बाद अमित शाह, चंद्रबाबू नायडू के साथ एक ही विमान से अमरावती पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री एम.वेंकैया नायडू तथा वाई.एस.चौधरी भी थे।

भाजपा अध्यक्ष ने बाद में नायडू के आवास पर तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्रियों वेंकैया नायडू, सुरेश प्रभु व वाई.एस.चौधरी तथा चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश एवं तेदेपा की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कला वेंकट राव भी बैठक में मौजूद रहे, जो एक घंटे से अधिक समय तक चली।

तेदेपा के सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने राजनीतिक घटनाक्रमों, दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन तथा आगामी राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा की।

नायडू ने अमित शाह से आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम की सभी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए जल्द कदम उठाया जाना सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

इससे पहले, भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई के नेताओं ने शाह से मुलाकात की और राज्य में पार्टी को मजबूत करने तथा तेदेपा के साथ संबंधों पर चर्चा की।

राज्य में पार्टी के आधार के विस्तार के तहत भाजपा अध्यक्ष गुरुवार शाम विजयवाड़ा में एक सार्वजनिक जनसभा को संबोधित करेंगे।

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई.एस.जगनमोहन रेड्डी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की अनुमति देने को लेकर तेदेपा द्वारा भाजपा की आलोचना करने से दोनों दलों के संबंधों में कड़वाहट के कुछ दिनों बाद शाह का यह दौरा हुआ है।

तेदेपा केंद्र में सत्तासीन भाजपा नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक दल है, जबकि भाजपा आंध्र प्रदेश में तेदेपा नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का घटक दल है।

तेलंगाना के अपने दौरे के दौरान शाह ने आंध्र प्रदेश में गठबंधन बरकरार रखने के संकेत तो दिए, लेकिन साल 2019 में भाजपा तेलंगाना में अकेले चुनाव लड़ सकती है।

दिलचस्प बात यह है कि नायडू तेदेपा की तेलंगाना इकाई के सालाना सम्मेलन को संबोधित करने के लिए बुधवार को हैदराबाद में थे, जबकि उसी वक्त अमित शाह ने हैदराबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित किया और उन्हें राज्य में पार्टी को सत्ता में लाने की तैयारी करने के लिए कहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493