अमित शाह ने राहुल व अखिलेश पर निशाना साधा

मेरठ, 3 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के पहले चरण के मतदान से पहले राजनीतिक दलों ने संबद्ध क्षेत्रों में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मेरठ में पदयात्रा कर लोगों से वोट मांगा और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।

शाह ने मेरठ में पुरानी चुंगी से पुराना सीओ कार्यालय तक पदयात्रा की। गुरुवार रात मेरठ में व्यापारी की हुई हत्या के कारण उन्होंने अपनी यात्रा रद्द कर दी। उन्होंने मृत व्यापारी के लिए शोक संवेदना भी व्यक्त की। ब्रह्मपुरी के बाहरी क्षेत्र में भाजपा अध्यक्ष ने लोगों को संबोधित भी किया।

पदयात्रा के दौरान अमित शाह ने कहा, “विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस ने देश को और समाजवादी पार्टी ने प्रदेश को लूटा है, जबकि भाजपा ने उत्तर प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों के ऋण माफ करने और ब्याज मुक्त लोन देने का निर्णय किया है।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “भाजपा चाहती है कि उत्तर प्रदेश रोजगार के मामले में नंबर 1 बने।”

राहुल-अखिलेश पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि दोनों मिलकर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। एक ने देश को लूटा और दूसरे ने उप्र को। अब दोनों मिलकर उप्र को लूटने आए हैं।

शाह मेरठ के बाद पिलखुवा, धौलाना, हापुड़, खुर्जा और बुलंदशहर में चुनावी सभाएं भी करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493