अमूल्य कुमार पटनायक दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त (लीड-2)

नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। ओडिशा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमूल्य कुमार पटनायक को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पटनायक 1985 बैच के अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। वह अब तक विशेष आयुक्त (प्रशासन) के पद पर कार्यरत थे। पटनायक, आलोक कुमार वर्मा की जगह लेंगे, जिन्हें गत 19 जनवरी को सीबीआई का प्रमुख बनाया गया है।

दिल्ली पुलिस आयुक्त पद की दौड़ में पटनायक, दीपक मिश्रा और धर्मेद्र कुमार के नाम सुर्खियों में थे।

ओडिशा के रहने वाले पटनायक हालांकि दीपक मिश्रा और धर्मेद्र कुमार से एक बैच जूनियर अधिकारी हैं। माना जा रहा है कि उनकी साफ सुथरी छवि नियुक्ति में उनके काम आई है।

मिश्रा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर हैं, जबकि कुमार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में अतिरिक्त महानिदेशक हैं। दोनों 1984 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

पटनायक दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त (संचालन) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पटनायक अब दिल्ली पुलिस के प्रमुख होंगे जो सीधे केंद्र सरकार के नियंत्रण में है।

पटनायक दिल्ली पुलिस के कई महत्वपूर्ण कार्यो को जिम्मेदारी से निभा चुके हैं।

उन्हें दिल्ली पुलिस में संयुक्त आयुक्त (अपराध) के रूप में प्रतिनियुक्ति के दौरान विशिष्ट सेवा के लिए 2009 में पुलिस मेडल और सराहनीय सेवा के लिए 2002 में पुलिस मेडल दिया जा चुका है।

पटनायक विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) में उप महानिरीक्षक और बाद में महानिरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493