अमेजोन ने वेबसाइट से भारतीय ध्वज वाला डोरमैट हटाया

वाशिंगटन/ओट्टावा, 12 जनवरी (आईएएनएस)। अमेजोन की वेबसाइट से भारतीय ध्वज के थीम वाला डोरमैट न हटाने पर कंपनी के किसी भी अधिकारी को भारतीय वीजा प्रदान न करने की भारत की चेतावनी के बाद इस अग्रणी ई कॉमर्स कंपनी ने अपनी वेबसाइट से यह उत्पाद हटा लिया है।

अमेजोन के एक प्रवक्ता ने ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ से कहा कि अब कंपनी की वेबसाइट से विवादित डोरमैट हटा लिया गया है।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को कहा था कि अमेजोन को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए और तिरंगे का अपमान करने वाले सभी उत्पादों को वेबसाइट से हटा लेना चाहिए। ऐसा न करने की स्थिति में अमेजोन के किसी भी अधिकारी को भारतीय वीजा नहीं दिया जाएगा।

विदेश मंत्री ने एक ट्वीट में कहा, “अमेजोन को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्हें साथ ही हमारे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने वाले सभी उत्पादों को वेबसाइट से हटा लेना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “अगर तत्काल ऐसा नहीं किया गया, तो हम किसी अमेजोन के किसी भी अधिकारी को भारतीय वीजा नहीं देंगे। हम साथ ही पहले जारी किए गए वीजा भी रद्द कर देंगे।”

विदेश मंत्री ने कनाडा स्थित भारतीय दूतावास से भी इस मुद्दे पर अमेजोन से बात करने को कहा है।

सुषमा ने ट्वीट किया, “कनाडा में भारतीय उच्चायोग : यह अस्वीकार्य है। कृपया अमेजोन के साथ यह मुद्दा उच्च स्तर पर उठाएं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493