अमेरिका ने जलवायु समझौता के भारतीय अनुमोदन का स्वागत किया

वाशिंगटन, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। जलवायु परिवर्तन पर पेरिस समझौते के भारतीय अनुमोदन का अमरिका ने स्वागत किया है। इस समझौते पर गत साल फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन (सीओपी) 21 में हस्ताक्षर किए गए थे।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रेस कार्यालय में निदेशक एलिजाबेथ टड्रो ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में सोमवार को कहा, “हां, हम इसका स्वागत करते हैं। यह शानदार खबर है।”

गांधी जयंती के अवसर पर गत रविवार को एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्रतीकात्मक संकेत के रूप में भारत ने जलवायु परिवर्तन पर पेरिस समझौते का अनुमोदन पत्र संयुक्त राष्ट्र में जमा किया।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा हस्ताक्षरित अनुमोदन पत्र संधि प्रभाग के प्रमुख सैंटियागो विलालपेंडो को सौंपा।

पेरिस समझौता के प्रावधानों के अनुसार, समझौता पर दस्तखत करने वाले 55 देशों के अनुमोदन के बाद संधि लागू हो जाएगी। ये देश 55 प्रतिशत हानिकारक उत्सर्जन करते हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने पहल का स्वागत किया और भारत को बधाई दी।

ओबामा ने ट्वीट कर कहा, “गांधी जी एक ऐसी दुनिया में विश्वास करते थे, जो हमारे बच्चों के लायक हो। पेरिस समझौता में शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों ने उस परंपरा को आगे बढ़ाया है।”

भारत की पहल से अमेरिका के उत्साहित होने की बात कहते हुए टड्रो ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, “हम मजबूत जलवायु लड़ाई के बारे में सोचते हैं, और पेरिस समझौता राष्ट्रपति ओबामा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए निजी प्रतिबद्धता और नेतृत्व की बात है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493