न्यूयॉर्क, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी छह दिवसीय अमेरिका यात्रा पर गुरुवार को न्यूयॉर्क पहुंच गए। अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय ने मोदी का उनके होटल के बाहर भव्य स्वागत किया।
इस यात्रा के दौरान मोदी संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उनका जोर अपने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर रहेगा।
मोदी न्यूयॉर्क के हवाईअड्डे से निकलकर वालडोर्फ एस्टोरिया होटल पहुंचे। उन्होंने वहां उनका ढोल-नगाड़ों के साथ पहले से इंतजार कर रहे लगभग 500 लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। अत्यधिक भीड़ उमड़ने की वजह से खुफिया सेवा विभाग के एजेंटों ने मोदी को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
मोदी लोगों का करीब से अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। इसलिए उन्हें सात घेरों की सुरक्षा में ले लिया गया।
मोदी के प्रशंसक ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगा रहे थे। प्रशंसकों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार भी किया। मोदी के होटल पहुंचने से चार घंटे पहले से ही उनके प्रशंसक होटल के बाहर जुटने शुरू हो गए थे। कार्यालयों का अवकाश होने की वजह से भारी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई।
न्यूजर्सी में रह रही भारतीय समुदाय की ज्योति पटेल ने कहा कि वह मोदी के समर्थन में यहां आई हैं, क्योंकि मोदी एक ईमानदार छवि वाले इंसान हैं और भारत की उम्मीद हैं।
मोदी के एक अन्य समर्थक विक्रम अमीन ने कहा कि वह यहां मोदी का स्वागत करने आए हैं। मोदी ने न्यूयॉर्क और शिकागो में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से अनौपचारिक रूप से मुलाकात की।
dharmpath.com dharmpath