हैदराबाद, 17 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय साफ्टवेयर इंजीनियर वम्शी रेड्डी मामीडाला का शव शुक्रवार को उनके घर पहुंच गया। अमेरिका में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी।
राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वम्शी (27) के शव को उनके माता-पिता लेने पहुंचे। बाद में उनके शव को वारंगल जिले में स्थित पैतृक निवास ले जाया गया।
वंगापाहद गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है। पारिवारिक सदस्यों, दोस्तों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने वम्शी रेड्डी को अश्रुपूर्ण विदाई दी।
विभिन्न राजनतिक दलों के नेताओं ने भी वम्शी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
तकनीकी विशेषज्ञ को कैलिफोर्निया के मिलपिटस में 10 फरवरी को उनके अपार्टमेंट बिल्डिंग के गैराज में एक नशेड़ी ने गोली मार दी थी। नशेड़ी एक महिला को लूटकर भागने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान स्टुअर्ट बैरनगाव (30) के रूप में हुई है।
पढ़ाई करने के सिलसिले में वम्शी रेड्डी 2015 में अमेरिका गए थे। फिलहाल वह अंशकालिक (पार्ट-टाइम) काम कर रहे थे।
पारिवारिक सदस्यों के अनुसार, वह स्थायी नौकरी तलाश कर रहे थे। लेकिन, उन्होंने अपनी मृत्यु से कुछ दिनों पूर्व ही अपने पिता को बताया था कि अमेरिका में बदले हुए राजनतिक माहौल के बीच नौकरी मिलने में शायद उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़े।
उनके पिता ने उनसे कहा था कि अगर उन्हें नौकरी नहीं मिलती है तो वह भारत लौट आएं।
dharmpath.com dharmpath