लॉस एंजेलिस, 27 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैक्रामेंटो की रैली के दौरान प्रदर्शन कर रहे श्वेत श्रेष्ठतावादी समूह और इसके विरोधी प्रदर्शनकारी समूहों के बीच झड़प में 10 लोग घायल हो गए।
सैकरामेंटो अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता क्रिस हार्वे ने बताया कि घायलों में से दो को गंभीर चोटें आई हैं।
‘सीएनएन’ रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों में नौ पुरूष और एक महिला हैं, जिनकी उम्र 19 से 58 वर्ष के बीच है। सभी को कई जख्म लगे हैं। उन पर चाकुओं से हमले किए गए।
कैपिटल प्रोटेक्शन डिविजन से जुड़े कैलिफोर्निया राजमार्ग गश्ती सार्वजनिक सूचना अधिकारी जॉर्ज ग्रेनाडा ने कहा कि ट्रेडिशनलिस्ट वर्कर पार्टी (टीडब्ल्यूपी) को स्टेट कैपिटल के पास दोपहर में रैली करने की मंजूरी मिली थी। टीडब्ल्यूपी के नेता इसे ‘श्वेत राष्ट्रवादी’ समूह भी कहते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बीच एक अन्य उनके विरोध में सड़कों पर उतर आया। उनकी संख्या करीब 300 थी। इसके बाद दोनों समूहों में झड़प हो गई, जिसमें लोग घायल हो गए।
इस घटना के वीडियो में लोगों को भागते हुए और कुछ लोगों को छड़ी लेकर अन्य लोगों का पीछा करते देखा जा सकता है। कुछ लोगों ने मास्क से अपने चेहरे छिपा रखे थे।
हालांकि, पीड़ितों की पहचान नहीं हो पाई है। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है।
dharmpath.com dharmpath