न्यूयार्क, 31 अगस्त (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के टेनिस खिलाड़ी स्टानिस्लास वावरिंका, स्पेन के डेविड फेरर और फेलिसिआनो लोपेज ने साल के चौथे एवं आखिरी ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट, अमेरिकी ओपन के दूसरे दौर में जगह बना ली है।
तीसरी वरीयता प्राप्त वावरिंका ने पहले दौर में स्पेन के फर्नाडो वेरडास्को को दो घंटे 17 मिनट तक चले मुकाबले में 7-6 (4), 6-4, 6-4 से मात दी।
स्पेन के फेरर ने यूक्रेन के एलेक्जेंडर डोलगोपोलोव को मात देकर अगले दौर में जगह बनाई। पहला सेट 6-5 से हारने के बाद एलेक्जेंडर चोट के कारण मैच पूरा नहीं कर पाए।
स्पेन के ही फेलिसियानो लोपेज भी विपक्षी खिलाड़ी के चोटिल होने के कारण अगले दौर में पहुंचे। क्रोएशिया के बोर्ना कोरिक से पहले सेट में 3-4 से पीछे चल रहे लोपेज पर हार का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन कोरिक चोटिल हो गए और मुकाबला पूरा नहीं कर पाए।
महिला एकल में पांचवीं वरीय सिमोना हालेप और 11वीं वरीय कार्ला सुआरेज नावारो ने अगले दौर में जगह बनाई।
हालेप ने बेल्जियम की किर्स्टन फिल्पकेंस को 6-0, 6-2 से शिकस्त देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। वहीं सुआरेज ने ब्राजील की तेलिआना परेरा को सीधे सेटों में 6-0, 6-0 से मात दी।
dharmpath.com dharmpath