अमेरिकी थिएटर में गोलीबारी, 3 की मौत (लीड-1)

वाशिंगटन, 24 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी राज्य लुसियाना के थिएटर में एक शख्स ने गोलीबारी कर दो लोगों को मार दिया, जबकि सात अन्य को जख्मी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।

लुसियाना राज्य की पुलिस ने बताया कि वारदात गुरुवार को लुसियाना राज्य के लाफायेत्ते शहर के ग्रैंड थिएटर 16 में हुई, जब वहां ‘ट्रेनरेक’ फिल्म दिखाई जा रही थी।

प्रशासन का कहना है कि वे गोलीबारी करने वाले शख्स के बारे में जानते हैं, लेकिन अभी उसकी पहचान उजागर नहीं की जा रही है।

‘सीएनएन’ की रपट के अनुसार, करीब 100 लोग थिएटर में फिल्म देख रहे थे, जब रात 8.30 बजे से कुछ ही देर पहले गोलीबारी हुई।

पुलिस प्रमुख जिम क्राफ्ट ने बताया कि इस घटना के बाद शहर में अन्य ग्रैंड थिएटर को बंद कर दिया गया और एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई।

उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस के अतिरिक्त स्थानीय पुलिस तथा फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टीगेशन की टीम और जिले के अटार्नी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

यह गोलीबारी 19 जुलाई, 2012 को अमेरिका के कोलोरैडो राज्य के ऑरोरा में एक थिएटर में हुई गोलीबारी के लिए जेम्स होम्स को दोषी ठहराए जाने के बाद हुई है। उस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 70 अन्य घायल हुए थे।

लुसियाना के गवर्नर बॉबी जिंदल ने घटना पर रोष और दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटनास्थल का दौरा भी किया और कहा, “जब कभी हम इस तरह की बेतुकी हिंसा के बारे में सुनते हैं तो इससे हमें नाराजगी और दुख एक साथ होता है।”

उन्होंने कहा, “यह लाफायत्ते, लुसियाना और अमेरिका के लिए भी एक भयानक रात थी। लेकिन हम इससे उबर जाएंगे।”

जिंदल ने घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों की ओर से की गई कोशिश की भी साराहना की। उन्होंने कहा, “मैं पुलिस अधिकारियों की प्रशंसा करता हूं, जो खतरे को भांपकर तुरंत हरकत में आ गए।”

उन्होंने कहा, “यह समय हमारे साथ आने का है। इस वक्त हम जो कर सकते हैं, वह प्रार्थना है। हम प्रभावित परिवारों को गले लगाकर उन्हें मानसिक संबल प्रदान कर सकते हैं और उनके लिए प्रार्थना कर सकते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493