न्यूयॉर्क, 19 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी रॉक बैंड ‘द ईगल्स’ के संस्थापक सदस्य और गिटारवादक ग्लेन फ्रे का बीमारी के चलते निधन हो गया। वह 67 साल के थे।
वेबसाइट ‘टाइम डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘द ईगल्स’ की आधिकारिक वेबसाइट की एक पोस्ट के मुताबिक, ग्लेन कई सप्ताह से बीमार चल रहे थे। उनका सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने 1970 के दशक में बैंड की स्थापना की।
बैंड की वेबसाइट पर एक पोस्ट में लिखा गया, “हम भारी मन से अपने साथी व ईगल्स के संस्थापक ग्लेन फ्रे के निधन की घोषणा करते हैं। उन्होंने सोमवार को न्यूयॉर्क में दम तोड़ा। उन्होंने कई सप्ताहों तक संधिशोध, अल्सरेटिव कोलाइटिस व निमोनिया का डटकर सामना किया, लेकिन बेहद दुख की बात है कि तकलीफें बढ़ने की वजह से वह चल बसे।”
पोस्ट में लिखा गया, “ग्लेन का परिवार इस लड़ाई में उनका साथ देने और उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना करने वाले हर शख्स का धन्यवाद करना चाहेगा।”
ग्लेन ने बैंड के लिए ‘टेक इट ईजी’, ‘लिन आइसिज’, ‘डेस्पेराडो’ और ‘हार्टऐक टुनाइट’ जैसे सफल गाने गाए और लिखे।
1980 में द ईगल्स से अलग होने के बाद उनका सफल एकल करियर शुरू हुआ। उन्होंने ‘द हीट इज ऑन’ और ‘यू बिलान्ग टू द सिटी’ सरीखे असंख्य सफल गाने रिकॉर्ड किए।
ग्लेन ने कई महीनों तक आंत संबंधी तकलीफें झेलीं और नवंबर में एक सर्जरी कराई।
उन्होंने बैंड के सह-संस्थापक और मुख्य सदस्य डॉन हेन्ले के साथ मिलकर कई सफल गाने लिखे। हेन्ले ने एक बयान में कहा, “वह मेरे लिए भाई की तरह थे। हम एक परिवार थे और हर परिवार की तरह हमारे परिवार में भी कुछ समस्याएं थीं, लेकिन हमने 45 साल पहले जो बैंड बनाया, वह कभी नहीं टूटा।”
ग्लेन के परिवार में उनकी पत्नी सिंडी और बच्चे-टेलर, डीकॉन व ओटिस हैं।
dharmpath.com dharmpath