वाशिंगटन, 23 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी मतदाताओं ने पूर्व सांसद व लेखिका स्टेसी अब्राम्स की जॉर्जिया डेमोक्रेटिक पार्टी प्राइमरी में जीत की घोषणा के बाद राज्य गवर्नर पद के लिए अश्वेत महिला उम्मीदवार को चुन लिया है।
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सदन की पूर्व अल्पमत नेता अब्राम्स ने पूर्व राज्य प्रतिनिधि स्टेसी इवांस को मंगलवार को प्राइमरी में हरा दिया।
अब्राम्स ने अपनी चुनाव बाद पार्टी में कहा, “हम जार्जिया के भविष्य का नया अध्याय लिख रहे हैं जिसमें कोई भी अनदेखा, अनसुना या निरुत्साही नहीं रहे।”
उन्होंने कहा, “हम जार्जिया का इतिहास लिख रहे हैं, जहां हम एक साथ समृद्ध हों।”
वह नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार का सामना करेंगी। यदि वह इस अत्यधिक रूढ़ीवादी राज्य में निर्वाचित होती हैं तो अब्राम्स दक्षिणी राज्य का नेतृत्व करने वाली पहली महिला व जातीय अल्पसंख्यक समुदाय की पहली सदस्य होंगी।
यूएसए टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2016 के डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन व उनके प्रमुख प्राइमरी प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स ने प्राइमरी में अब्राम्स का समर्थन किया था। हिलेरी क्लिंटन ने उनके लिए चुनाव से एक दिन पहले रोबोकॉल रिकॉर्ड किया था।
dharmpath.com dharmpath