ऑस्टिन, 25 फरवरी (आईएएनएस)। पूर्व अमेरिकी नौसैनिक एडी रौथ को अमेरिकी सैन्य शूटर क्रिस काइली और चाड लिटलफील्ड की हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।
क्रिस काइली के जीवन से प्रेरित एक फिल्म ‘अमेरिकन स्निपर’ भी बनी है, जिसे 87वें अकादमी अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ फिल्म की श्रेणी में नामांकन भी मिला था।
टेक्सास के स्टीफनविले में 10 महिलाओं और दो पुरुषों वाली जूरी ने दो सप्ताह तक चले मुकदमे के बाद मंगलवार को रौथ को दोषी करार दिया। रौथ हालांकि मुकदमे के दौरान विक्षिप्त होने का दावा करते हुए खुद को निर्दोष बताता रहा।
रौथ को दोषी पाए जाने के बाद उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई, क्योंकि अभियोजन पक्ष दोषी के लिए मृत्युदंड नहीं चाहता था।
रौथ ने टेक्सास शूटिंग रेंज में दो फरवरी, 2013 को काइली और लिटलफील्ड की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब दोनों नौसैनिक इराक और हैती में तैनात रहे रौथ को सदमे से उबरने में मदद करना चाहते थे।
मुकदमे के दौरान बचाव पक्ष ने हालांकि तर्क दिया था कि रौथ ने अपराध विक्षिप्तावस्था में मानसिक उन्माद की अवस्था में किया था, जो उसके सैन्य सेवा के दौरान लंबे समय तक युद्धग्रस्त क्षेत्रों में तैनात रहने का परिणाम था।
काइली ने इराक में अमेरिकी सेना की सर्वोत्कृष्ठ शाखा नेवी सील्स में सेवा दी थी और देश के इतिहास में सबसे उम्दा शूटर के रूप में विख्यात थे।
dharmpath.com dharmpath