डुनेडिन, 25 फरवरी (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 के 17वें मैच में गुरुवार को अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड की टीमें एक-दूसरे के सामने होंगी। टूर्नामेंट में दोनों टीमों का यह तीसरा मैच होगा, जिसमें दोनों ही टीमें अपनी पहली जीत हासिल करना चाहेंगी। मतलब साफ है दोनों में से किसी एक टीम का जीत का इंतजार यूनिवर्सिटी ओवल मैदान पर खत्म होगा।
अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड खिताब के दावेदार के तौर पर भले विश्व कप में न पहुंची हों, लेकिन अपने अब तक के प्रदर्शन से उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान जरूर आकर्षित किया है।
स्कॉटलैंड का 1999 और 2007 के बाद यह तीसरा विश्व कप है लेकिन यह टीम विश्व कप मैचों में अब तक कोई भी जीत हासिल नहीं कर सकी है। वहीं, अफगानिस्तान पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खेल रहा है।
अनुभव के लिहाज से देखें तो स्कॉटलैंड का पलड़ा भारी है। साथ ही काउंटी खेलने और क्रिकेट की संस्कृति के ज्यादा करीब रहने का फायदा भी स्कॉटलैंड को मजबूत दावेदार के तौर पर पेश करता है।
अफगानिस्तान को भी हालांकि हल्के में नहीं लिया जा सकता। खासकर अपनी तेज गेंदबाजी से अफगानिस्तान ने विश्व क्रिकेट को काफी प्रभावित किया है। हामिद हसन श्रीलंका के खिलाफ तीन विकेट हासिल करने में सफल रहे थे वहीं, दावलत जादरान ने भी खासा प्रभावित किया है।
दोनों ही टीमें आईसीसी की संबद्ध सदस्य हैं और एक-दूसरे के खिलाफ हाल में कई मैच भी खेल चुकी हैं। उन्हें एक-दूसरे की क्षमताओं का पता है और दोनों टीमों के बीच गुरुवार को दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद की जा सकती है।
टीमें (संभावित) :
अफगानिस्तान : जावेद अहमदी, नवरोज मंगल, उस्मान गनी, असगर स्टानिकजाई, नजीबुल्लाह जादरान, शमिउल्लाह शेनवारी, मोहम्मद नबी (कप्तान), अफसर जाजाई (विकेटकीपर), गुलाबदीन नायब, दावलत जादरान, हामिद हसन, शपूर जादरान।
स्कॉटलैंड : काइल कोएत्जर, एलेक्स मैक्लियोड, हामिश गर्डिनर, मैट माचन, प्रेस्टन मोमसेन (कप्तान), रिची बेरिंगटन, रॉब टेलर, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), जॉन डावे, एलास्देर इवांस, माजिद हक, इयान वार्डलॉ।
dharmpath.com dharmpath