न्यूयार्क, 7 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका में बेरोजगारी भत्ता दावा के शुरुआती आंकड़े और कंपनियों के वित्तीय परिणामों के बीच शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई।
डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 120.72 अंक या 0.69 फीसदी गिरावट के साथ 17,419.75 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 सूचकांक 16.28 अंकों या 0.78 फीसदी गिरावट के साथ 2,083.56 पर बंद हुआ। नेसडैक कंपोजिट सूचकांक 83.50 अंकों या 1.62 फीसदी गिरावट के साथ 5,056.44 पर बंद हुआ।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अमेरिकी श्रम मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि एक अगस्त को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारी भत्ता का दावा करने वालों की संख्या 2,70,000 दर्ज की गई, जो एक सप्ताह पहले के प्रारंभिक आंकड़े से 3,000 अधिक है और बाजार के अनुमान से थोड़ा कम है।
बेरोजगारी भत्ते का दावा करने वालों की चार सप्ताह की औसत संख्या 2,68,250 रही, जो एक सप्ताह पहले के चार सप्ताह के औसत 2,74,750 से 6,500 कम है।
कृषि क्षेत्र को छोड़कर शेष क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों से संबंधित आंकड़े शुक्रवार को जारी हो रहे हैं। निवेशकों की इसपर नजर होगी और वे इससे अनुमान लगाएंगे कि फेडरल रिजर्व दरें कब तक वृद्धि कर सकती हैं।
कंपनियों के वित्तीय परिणामों में टेस्ला मोटर्स इंक द्वारा पूरे वर्ष के लिए वाहनों की बिक्री का अनुमान घटाने के बाद कंपनी के शेयर गुरुवार को 8.88 फीसदी गिरावट के साथ 246.113 डॉलर पर बंद हुए।
बैटरी से चलने वाली कार बनाने वाली कंपनी ने कहा कि उसे 2015 में 50 हजार से 55 हजार तक कारें बिकने का अनुमान है। कंपनी ने पहले 55 हजार कारें बिकने का अनुमान दिया था।
यूरोप में भी तेल मूल्य के मार्च के बाद निचले स्तर पर पहुंचने के बाद शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। ब्रिटेन के एफटीएसई 100 सूचकाक में 0.08 फीसदी गिरावट रही।
तेल मूल्य में अन्य बाजारों में भी गिरावट जारी रही।
न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज में सितंबर डिलीवरी वाले वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट का मूल्य 49 सेंट घटकर प्रति बैरल 44.66 डॉलर रह गया। लंदन आईसीई फ्यूचर एक्सचेंज में सितंबर डिलीवरी वाले ब्रेंट क्रूड का भाव सात सेंट घटकर 49.52 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।
न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज के कॉमेक्स खंड में सोने के वायदा भाव में गुरुवार को तेजी दर्ज की गई। दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 4.5 डॉलर या 0.41 फीसदी बढ़कर प्रति औंस 1,090.10 डॉलर पर बंद हुआ।
dharmpath.com dharmpath