सिडनी, 7 अगस्त (आईएएनएस)। रिजर्व बैंक ऑफ आस्ट्रेलिया (आरबीए) ने शुक्रवार को आस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्था के निकट भविष्य में बेहतर रहने का अनुमान जताया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, आरबीए ने वित्त वर्ष 2015-16 के लिए विकास दर के अनुमान को जहां 50 आधार अंक घटा दिया, वहीं दिसंबर 2017 तक विकास दर 3.0-4.5 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।
आस्ट्रेलिया का वित्त वर्ष जुलाई से जून तक चलता है।
बैंक ने कहा कि जून 2016 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में देश की विकास दर दो-तीन फीसदी रह सकती है।
मौद्रिक नीति पर तिमाही बयान में बैंक ने कहा कि बेरोजगारी दर का सर्वोच्च स्तर पूर्व घोषित सर्वोच्च अनुमान 6.5 फीसदी से कुछ कम रहेगा।
बैंक ने कहा कि खनन क्षेत्र में निवेश घट सकता है, लेकिन आवासीय क्षेत्र में तेजी रहने का अनुमान है और पर्यटन जैसे कई और क्षेत्रों को आस्ट्रेलियाई डॉलर में आई कमजोरी का लाभ मिलेगा।
स्थानीय मीडिया रपटों में कहा गया है कि बेरोजगारी दर में आई गिरावट से आरबीए गवर्नर ग्लेन स्टीवेंस काफी खुश हैं और वह आस्ट्रेलियाई डॉलर के काफी मजबूत हो जाने जैसी हाल की अपनी चिंता को फिर नहीं दोहराएंगे।
dharmpath.com dharmpath