ईटानगर, 24 फरवरी (आईएएनएस)। स्थायी निवास प्रमाणपत्र (पीआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन कर रही भीड़ ने अरुणाचल प्रदेश में रविवार को भी हिंसा जारी रखी और उप मुख्यमंत्री चोवना मेन के घर को आग लगा दी।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सुरक्षा बलों ने अनियंत्रित प्रदर्शनकारियों को कर्फ्यू का विरोध कर मुख्यमंत्री पेमा खांडू के आवास की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए हवा में गोलियां चलाईं।
गृहमंत्री कुमार वई ने रविवार को आईएएनएस से कहा, “स्थिति बहुत तनावपूर्ण व अनियंत्रित है। राज्य हालात को शांत करने के लिए सभी कदम उठा रहा है।”
यह स्पष्ट नहीं है कि रविवार की फायरिंग में कोई घायल हुआ या नहीं।
प्रदर्शनकारियों ने इटानगर व नाहरलागुन में दो पुलिस थानों को फूंक दिया व तोड़फोड़ की। एक पुलिस अधीक्षक के घायल होने की सूचना है।
प्रशासन ने शनिवार को इटानगर व नाहरलागुन में कर्फ्यू लगा दिया। प्रदर्शनकारी सरकार द्वारा गैर अरुणाचल प्रदेश अनुसूचित जनजाति समुदायों को पीआरसी दिए जाने के कदम का विरोध कर रहे हैं व हिंसा, आगजनी व पथराव कर रहे हैं।
इससे पहले हिंसा के दौरान नाहरलागुन में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई।
राज्यपाल बी.डी. मिश्रा ने हिंसा की निंदा की है।
शांति की अपील करते हुए मिश्रा ने कहा, “अरुणाचल वासियों ने हमेशा से सभी परिस्थितियों में अपने आचरण में समझदारी, बुद्धिमत्ता व परिपक्वता का प्रदर्शन किया है।”
राज्यपाल ने राज्य सरकार को अशांति रोकने के लिए सभी एहतियाती उपाय अपनाने की सलाह दी।
पूरे राज्य में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। इटानगर में सेना तैनात की गई है।
dharmpath.com dharmpath