अविनाश की हत्या में भाजपा नेताओं का ही हाथ : राबड़ी देवी

पटना, 7 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अविनाश कुमार की हत्या में उन्हीं की पार्टी के नेताओं का हाथ होने का आरोप लगाया।

पटना में शुक्रवार को संवाददताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, “अविनाश की हत्या में भाजपा के नेताओं का ही हाथ है। सरकार पूरे मामले की जांच करवा रही है, जो भी सच होगा सामने आ जाएगा।”

बिहार में आपराधिक घटनाओं की वृद्घि के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “एक ओर भाजपा के लोग अपराध करवा रहे हैं और दूसरी ओर वही लोग हंगामा भी कर रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि पटना के सलीमपुर अहरा क्षेत्र के दलदली रोड में अविनाश कुमार (30) की गुरुवार सुबह उनके आवास से कुछ ही दूरी पर तीन अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अविनाश भाजपा पटना मंडल के महामंत्री थे।

अविनाश की हत्या को लेकर बिहार विधानसभा में भाजपा के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया तथा शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सलिमपुर अहरा में धरना पर बैठे।

इस मामले में अब तक पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493