अवैध पंजीयन वाले विमान में उड़ रहे ट्रंप

न्यूयॉर्क, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी का प्रत्याशी बनने की होड़ में आगे चल रहे डोनाल्ड ट्रंप के आकर्षक सेसना विमान की पंजीयन मियाद समाप्त हो गई है। इसी विमान से वह अपना प्रचार अभियान चला रहे हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के दस्तावेजों से पता चला है कि विमान के पंजीयन की वैधता गत 31 जनवरी को ही समाप्त हो गई थी।

एफएए की प्रवक्ता लौरा जे. ब्राउन ने कहा कि विमान का पंजीयन सही नहीं था और इसके मालिक ने इसका नवीनीकरण नहीं कराया है।

कुछ अपवादों को छोड़ दें तो विमान को उड़ाने के लिए उसका पंजीयन सही होना अनिवार्य है। जब तक मामले का समाधान नहीं हो जाता ट्रंप के विमान को कुछ दिनों या कुछ महीनों के लिए उड़ान के लिए प्रतिबंधित किया जा सकता है।

एफएए, इसके मालिक, इसके संचालक या दोनों पर जुर्माना या कोई और दंड लगा सकता है।

हालांकि इसकी संभावना नहीं है कि एजेंसी अधिकतम दंड लेना चाहेगी, लेकिन बगैर पंजीयन के विमान उड़ाने पर अधिकतम 27 हजार 500 डॉलर का दीवानी दंड लग सकता है। इसके अलावा 2.5 लाख डॉलर तक आपराधिक दंड या तीन साल कैद की सजा हो सकती है।

ट्रंप के प्रचार अभियान की प्रवक्ता होप हिक्स ने विमान के पंजीयन या इस्तेमाल से जुड़े कई सवालों का जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पंजीयन के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी होने को है।

विमानन एजेंसी की प्रवक्ता ने मंगलवार देर शाम बताया कि एफएए को सेसना के पंजीयन के नवीनीकरण का कोई आवेदन नहीं मिला है।

प्रवक्ता ने कहा कि ट्रंप अभी भी उड़ान भर सकते हैं। अधिकांश उम्मीदवारों ने निजी विमान किराये पर ले लिया है।

ट्रंप के पास चार अन्य पंजीकृत विमान हैं। उनके पास एक बोइंग 757 और तीन सिकोस्र्की हेलीकॉप्टर है।

ट्रंप के सेसना विमान में आठ लोगों के बैठने की सुविधा है। पिछले साल जून में जब से उन्होंने राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने की योजना की घोषणा की तब से यह विमान सैकड़ों उड़ानें भर चुका है।

गत 31 जनवरी को जब इस विमान के पंजीयन की अवधि समाप्त हुई, उसके बाद से यह दर्जनों उड़ानें भर चुका है।

विमान का पंजीयन शुल्क मात्र पांच डॉलर है और यह तीन साल के लिए वैध होता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493