किशनगंज, 30 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिले के सदर थाना क्षेत्र में दामाद का साली के साथ अवैध संबंध का विरोध ससुर को महंगा पड़ा। दामाद ने ससुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, नुनिया बस्ती गांव निवासी 60 वर्षीय लक्ष्मी चौहान ने अपनी बड़ी पुत्री पप्पू देवी का विवाह मुन्ना महतो से की थी। मुन्ना अपने ससुराल में ही रहता था। इस दौरान मुन्ना का अपनी ही साली रूबी से अवैध संबंध स्थापित हो गया। इस संबंध का लक्ष्मी विरोध करता था।
किशनगंज के अनुमंडल पुलिस अधिकारी मोहम्मद कासिम ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले को लेकर गुरुवार की रात मुन्ना का अपने ससुर लक्ष्मी के साथ झगड़ा हुआ और मुन्ना ने अपने ही ससुर को पीट-पीटकर मार डाला।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद फरार हो रहे हत्या में सहयोगी पप्पू और रूबी को किशनगंज बस पड़ाव से गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि मुख्य आरोपी मुन्ना फरार होने में सफल रहा।
उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी धनिया देवी के बयान के आधार पर सदर थाने में इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath