बेंगलुरू, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने भारत के ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन की सराहना करते हुए कहा है कि वह एक विशिष्ट गेंदबाज हैं।
आईपीएलटी20 डॉट कॉम के अनुसार विटोरी ने कहा, “वह पिछले कई सालों से आईपीएल में खेल रहे हैं और बहुत सफल साबित हुए हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो नई चुनौतियों के अनुसार लगातार खुद में सुधार करते रहे हैं। यह दर्शाता है कि वह विशिष्ट गेंदबाज हैं।”
टी-20 प्रारूप में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका के बारे में विटोरी ने कहा कि अश्विन और दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर की सफलता से यह बात साफ हो गई है कि स्पिन गेंदबाज भी सीमित ओवरों के प्रारूप में प्रभावशाली साबित हो सकते हैं।
विटोरी ने विश्व कप का जिक्र करते हुए कहा कि आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की पिचों पर अगर अश्विन और ताहिर जैसे गेंदबाज सफल होते हैं, तो इससे पता चलता है कि स्पिन गेंदबाज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किसी भी प्रारूप में सफल हो सकते हैं।
विटोरी ने साथ ही कहा कि वह टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा राहुल द्रविड को गेंदबाजी करना पसंद करते थे। विटोरी के अनुसार बेहतरीन तकनीक के कारण द्रविड को गेंद डालना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता था।
dharmpath.com dharmpath